एक्सप्रेसवे पर कबाड़ लदी डीसीएम पलटी, डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आने के कारण कबाड़ लदी डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद डीसीएम में लदा कबाड़ एक्सप्रेसवे पर बिखर गया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। हादसे में चालक को हल्की चोटें आईं।
फर्रुखाबाद जिले के थाना मेरापुर क्षेत्र के नगुनी गांव निवासी अवधेश कुमार (38) डीसीएम लेकर वाराणसी से हाथरस जा रहे थे। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे वह बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के सिरधरपुर गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई।
डीसीएम के पलटते ही उसमें लदा कबाड़ सड़क पर फैल गया। एक्सप्रेसवे पर सामान बिखरने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और मौके पर जाम जैसी स्थिति बन गई। हादसे की सूचना मिलने पर यूपीडा की टीम और पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची।
टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त डीसीएम को हटवाया और एक्सप्रेसवे पर बिखरे कबाड़ को भी रास्ते से हटाया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। रास्ता साफ होने के बाद वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका।
हादसे में चालक अवधेश कुमार को हल्की चोटें आईं। मौके पर ही उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।
बांगरमऊ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। चालक को चोटें आई थीं, जिसका मौके पर उपचार कराया गया।
दैनिक किसान मेल न्यूज़ | उन्नाव



