24 घंटे में तीन अज्ञात शव मिलने से सनसनी, पुलिस शिनाख्त में जुटी

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर तीन अज्ञात युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने के बाद पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है। देर शाम तक किसी भी शव की पहचान नहीं हो सकी थी।
पहला शव आदर्शनगर मोहल्ले में शराब ठेके के पास मिला। करीब 35 वर्षीय युवक के शव की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि युवक आसपास कूड़ा बीनता था और शराब का सेवन करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया।
दूसरा शव लखनऊ-कानपुर हाईवे पर नरी से पहले कबाड़ फैक्ट्री के पास सड़क किनारे मिला। करीब 32 वर्षीय युवक के शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सड़क दुर्घटना की आशंका सामने आई।
तीसरा शव रविवार सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र की नहर में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।



