उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में 60 करोड़ रुपये से बनेंगे 38 मार्ग, छह विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगी सड़क सुविधा

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

उन्नाव। जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था सुधारने के लिए 60 करोड़ रुपये की लागत से 38 मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बजट स्वीकृत होने के साथ ही पहली किस्त के तौर पर करीब 30 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

प्रस्तावित कार्यों में सदर और मोहान विधानसभा क्षेत्र के छह-छह मार्ग, बांगरमऊ और पुरवा के पांच-पांच मार्ग तथा भगवंतनगर और सफीपुर के आठ-आठ मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों में ग्रामीण और अन्य जिला मार्गों के साथ ऐसे संपर्क मार्ग भी शामिल हैं जो गांवों को मुख्य मार्गों तथा विधानसभा क्षेत्र के अन्य हिस्सों से जोड़ते हैं।

कई प्रस्तावित मार्ग वर्तमान में खराब हालत में हैं। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। निर्माण के बाद इन मार्गों का डामरीकरण कराया जाएगा, जिससे आवागमन आसान होने की उम्मीद है।

प्रमुख प्रस्तावित कार्यों में मोहान क्षेत्र का सुंदरपुर-चांदपुर-झलई संपर्क मार्ग, सदर का संभरखेड़ा से नैकानी माता मंदिर संपर्क मार्ग, पुरवा का चकसरैया रोड से शिवगोविंदखेड़ा मार्ग, सफीपुर का मीरपुर मरौचा पुलिया से मिश्रापुर संपर्क मार्ग और बांगरमऊ का सचान कोट से हसनापुर मिसिंग लिंक मार्ग शामिल हैं।

लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। विभाग का लक्ष्य है कि औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए। 

Related Articles

Back to top button