उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव-सफीपुर मार्ग पर मिनी बस पलटी, महिला की मौत; 16 यात्री घायल

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र में उन्नाव-सफीपुर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर सवारियों से भरी मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसा दोस्ती नगर नहरिया और थाना गांव के बीच मां शारदा रिसॉर्ट के सामने हुआ। बताया गया कि मिनी बस करीब 40 यात्रियों को लेकर मियागंज से उन्नाव की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पलट गई।

बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे में कासिमनगर निवासी करीब 45 वर्षीय सबा पत्नी इसरार गंभीर रूप से घायल हुई थीं। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू की।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर लोगों की भीड़ भी जुटी रही। 

Related Articles

Back to top button