उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में बारिश से धंसा गंगा एक्सप्रेसवे, एंट्री रैंप पर बना गहरा गड्ढा

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

तेज बारिश के बाद सड़क का हिस्सा बैठने से मचा हड़कंप, पानी की निकासी और निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

उन्नाव। जिले में लगातार हो रही बारिश ने गंगा एक्सप्रेसवे की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार सुबह तेज बारिश के बाद एक्सप्रेसवे के एक एंट्री रैंप का हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकने से वहां गहरा गड्ढा बन गया और बारिश का पानी भी तेजी से भरने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही एक्सप्रेसवे की देखरेख से जुड़ी टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित करने का काम शुरू कराया।

बताया गया कि बारिश के दौरान सड़क के नीचे से पानी का दबाव बढ़ने के कारण सड़क का एक हिस्सा बैठ गया। आसपास से गुजरने वाले वाहनों के लिए खतरा देखते हुए क्षतिग्रस्त स्थान पर तत्काल निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की गई।

इसी दौरान क्षतिग्रस्त हिस्से में पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों ने अस्थायी उपाय भी किए। बाद में मरम्मत का काम शुरू कराया गया। घटना के बाद एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता, जल निकासी व्यवस्था और बारिश के पानी की निकासी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए एक्सप्रेसवे पर पहली तेज बारिश में इस तरह सड़क धंसना गंभीर विषय है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग को केवल गड्ढा भरने के बजाय यह भी जांचना चाहिए कि सड़क के नीचे पानी कैसे पहुंचा और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए क्या स्थायी व्यवस्था की जा रही है।

गंगा एक्सप्रेसवे पर बारिश के बाद कुछ हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी सामने आई है। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन और संबंधित एजेंसी से क्षतिग्रस्त हिस्से की तकनीकी जांच और स्थायी मरम्मत की मांग उठ रही है।

Related Articles

Back to top button