उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में कच्ची शराब के ठिकानों पर छापा, 34 लीटर शराब और 350 किलो लहन बरामद

संवाददाता सचिन पांडे

उन्नाव। अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मौरावां थाना क्षेत्र के असरेंदा और बरेंदा गांव में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 34 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मौके से करीब 350 किलो महुआ लहन भी मिला, जिसे टीम ने नष्ट करा दिया।

आबकारी निरीक्षक निशांत सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और लखनऊ प्रवर्तन टीम ने संयुक्त रूप से दोनों गांवों में कार्रवाई की। टीम ने शराब तैयार किए जाने वाले संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर अवैध सामग्री की जांच की और बरामद लहन को मौके पर नष्ट कराया।

आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा

विभाग के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान बरामद अवैध शराब और अन्य सामग्री के संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में एक अभियोग दर्ज किया गया है। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े लोगों पर कार्रवाई के लिए अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है। विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी और छापेमारी कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button