उत्तर प्रदेशकानपुरताजा खबर

बर्रा के डेविल रेस्टोरेंट में चल रहा था हुक्का बार, पुलिस ने संचालक समेत दो को पकड़ा

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

कानपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बर्रा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक रेस्टोरेंट में छापेमारी कर कथित रूप से संचालित हुक्का बार का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट संचालक और मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है।

एडीसीपी साउथ एवं ऑपरेशन सुमित सुधाकर रामटेके के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने डेविल रेस्टोरेंट में छापा मारा। पुलिस का दावा है कि मौके पर हुक्का बार संचालित पाया गया। कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट संचालक विशाल वर्मा और मैनेजर पीयूष दीक्षित को हिरासत में लिया गया।

हुक्का समेत अन्य सामान बरामद

पुलिस के अनुसार रेस्टोरेंट से 7 हुक्का, 6 चिलम, 4 पाइप, एक हीटर, एक माचिस, कोल का एक डिब्बा और फ्लेवरयुक्त तंबाकू के पांच पैकेट बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक विकास सिंह, समर सिंह और संदीप कुमार सेन के साथ कांस्टेबल अंकुर पंवार और ऋषभ पाल शामिल रहे।

एडीसीपी साउथ एवं ऑपरेशन सुमित सुधाकर रामटेके ने कहा कि नशे से जुड़े कारोबार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

Related Articles

Back to top button