उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

पत्नी के थाने में तहरीर देने से आहत पति ने फंदे से दी जान, घर में मचा कोहराम

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी

उन्नाव। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के गोमापुर गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि पत्नी द्वारा पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ थाने में तहरीर दिए जाने की जानकारी मिलने के बाद युवक ने देर रात कमरे में फंदा लगा लिया।

गोमापुर निवासी रामसेवक के 28 वर्षीय बेटे अमर रावत घरों की रंगाई-पुताई का ठेका लेते थे और लखनऊ में काम करते थे। उनकी शादी करीब तीन वर्ष पहले असोहा थाना क्षेत्र के कांथा गांव निवासी पायल से हुई थी। परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और विवाद के बाद पत्नी कई बार मायके चली जाती थी।

मंगलवार को पायल ने घर से बाजार में चूड़ी लेने जाने की बात कही थी। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार को चिंता हुई। परिजनों ने फोन से संपर्क किया तो पता चला कि वह असोहा थाने पहुंची है और ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर देने आई है।

रात में अमर घर पहुंचा तो उसे पत्नी के थाने जाने की जानकारी दी गई। इसके बाद उसने खाना खाया और सोने की बात कहकर कमरे में चला गया। रात करीब 12:30 बजे परिजनों ने कमरे में उसे पंखे के सहारे साड़ी के फंदे से लटका देखा। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

अमर तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता रामसेवक ने मामले में बहू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की कार्रवाई: पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को मुख्य कारण बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button