उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

भाजपा जिला कार्यालय में मासिक बैठक संपन्न, 45 सांगठनिक कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाने की बनी रणनीति

ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी

3 नवंबर को उन्नाव से लखनऊ कूच करेंगे भाजपा कार्यकर्ता, विशाल पैदल मार्च में होंगे शामिल

उन्नाव। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय उन्नाव में जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी की अध्यक्षता में मासिक सांगठनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में तय किए गए 45 प्रमुख सांगठनिक कार्यों को धरातल पर उतारने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की गई।

बैठक में जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संगठन की पांच प्रमुख प्राथमिकताओं पर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद सभी पदाधिकारी पूरी सक्रियता के साथ बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटेंगे। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आपसी संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित बनाए रखने पर जोर दिया गया।

इसके साथ ही मंडल एवं जिला स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित कर संगठन के कार्यों की समीक्षा करने तथा युवा, महिला, उद्यमी और नए मतदाताओं के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने की बात कही गई। मतदाता सूची को लेकर भी विशेष ध्यान देने और युवाओं व महिलाओं के ऑनलाइन फॉर्म-6 भरवाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी 3 नवंबर को लखनऊ में प्रस्तावित पैदल मार्च को लेकर भी चर्चा हुई। भाजपा की ओर से बताया गया कि विपक्ष के कथित भ्रामक दुष्प्रचार और अराजक माहौल के विरोध में उन्नाव से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष और कार्यकर्ता लखनऊ कूच करेंगे। यह मार्च ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं तथा प्रस्तावित अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुटेगा और प्रदेश कार्यसमिति के निर्धारित 45 सांगठनिक कार्यों को बूथ स्तर तक लागू किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला महामंत्री प्रवीण सिंह नूतन, रजनीश वर्मा, मनीष जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह, सुशील तिवारी, नवीन सिंह, आनंद अवस्थी, जितेंद्र प्रताप सिंह पटेल, मलखान सिंह, संदीप लोधी, संदीप शुक्ला, अवनीश शुक्ला, साधना दीक्षित, अमित त्रिपाठी, समीर शुक्ल, रमेश तिवारी, विवेक तिवारी, कुश सिंह, उदय प्रताप सिंह, दीपांकर मिश्र, मनीष पांडेय, राजेंद्र द्विवेदी और संदीप निगम सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button