आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद

संवाददाता सचिन पांडे
बीघापुर के केदारखेड़ा गांव में पुलिस के साथ संयुक्त दबिश, दो महिलाएं गिरफ्तार
उन्नाव। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बीघापुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से ग्राम केदारखेड़ा में दबिश देकर 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से दो महिलाओं को पकड़ा। आबकारी विभाग के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान अनीता पत्नी सुरेंद्र तथा प्रभु देई पत्नी स्वर्गीय सुंदर, निवासी केदारखेड़ा के रूप में हुई है।
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
विभाग के अनुसार दोनों महिलाओं के खिलाफ थाना बिहार में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 बीघापुर प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान में स्थानीय पुलिस का भी सहयोग रहा।
आबकारी टीम ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य संभावित ठिकानों पर भी नजर बनाए रखने की बात कही है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



