गंगा के बढ़ते जलस्तर से प्रशासन अलर्ट, शुक्लागंज के बाढ़ प्रभावित इलाकों में SDM ने किया निरीक्षण
संवाददाता सचिन पांडे
उन्नाव। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा ने शुक्लागंज के बाढ़ प्रभावित इलाकों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और हालात का जायजा लिया।
एसडीएम सदर ने गोताखोर, कर्बला और हुसैन नगर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
राहत आश्रय स्थल की व्यवस्थाएं परखी
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बाढ़ राहत आश्रय स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आश्रय स्थल पर पेयजल, भोजन, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

स्वास्थ्य सुविधाओं की भी ली जानकारी
एसडीएम ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
आपात स्थिति में तत्काल राहत-बचाव के निर्देश
प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने को कहा गया है।
गंगा के जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक और राहत टीमों को सतर्क रखा गया है।



