उन्नाव में शिक्षण संस्था चोरी का खुलासा, दो और आरोपी गिरफ्तार

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
सिविल लाइन मोहारी बाग की घटना; लैपटॉप, नकदी और अन्य सामान बरामद, पहले एक आरोपी जा चुका है जेल
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन मोहारी बाग में करीब छह महीने पहले हुई शिक्षण संस्था में चोरी के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया है।
शिक्षण संस्था संचालक उदयकांत बाजपेयी ने 6 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक संस्था का ताला तोड़कर कैमरे, डीवीआर, नकदी, जरूरी कागजात, लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था।
पहले भी एक आरोपी पकड़ा गया था
जांच के दौरान पुलिस ने सफीपुर के देवगांव निवासी आकाश का नाम सामने आने पर उसे 21 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके कब्जे से मोबाइल फोन और 2200 रुपये बरामद किए गए थे।
इसके बाद पुलिस जांच में सफीपुर के देवगांव निवासी कृष्ण कुमार उर्फ कन्हैया और बीघापुर के दूबेपुर निवासी सूरज के नाम सामने आए। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी।
कांशीराम कॉलोनी के पास दबोचा
पुलिस ने दोनों आरोपियों को कांशीराम कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार कृष्ण कुमार के पास से 4500 रुपये और सूरज के पास से 3500 रुपये तथा अन्य सामान बरामद हुआ।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में चोरी के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



