उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिर बढ़ी परेशानी, तीन जगह धंसी साइड पटरी

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

बारिश के पानी से मिट्टी का कटान, किलोमीटर 50.6, 51.3 और 52 के पास बने गड्ढे; निर्माण एजेंसी ने शुरू कराई मरम्मत

उन्नाव। लगातार बारिश के बीच कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क की साइड पटरी धंसने की समस्या सामने आई है। गुरुवार को एक्सप्रेसवे पर तीन अलग-अलग स्थानों पर मिट्टी कटने और साइड पटरी धंसने की जानकारी मिली।

कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन पर किलोमीटर संख्या 50.6 के पास भटखेरवा में जलनिकासी नाली के नीचे की मिट्टी धंस गई। इसी लेन पर 51.3 किलोमीटर के पास झाऊखेड़ा में भी कई स्थानों पर सड़क किनारे की मिट्टी बह गई। वहीं लखनऊ से कानपुर आने वाली लेन पर किलोमीटर 52 के पास साइड कटान से गड्ढा बन गया।

बारिश के पानी से बढ़ा मिट्टी कटान

निर्माण एजेंसी के अनुसार जलनिकासी के लिए बनी नालियों के बजाय कुछ स्थानों से पानी बहने के कारण मिट्टी का कटान हुआ। इसके चलते सड़क के किनारे की मिट्टी कमजोर होकर धंस गई।

सड़क पर गिट्टी और मिट्टी फैलने से पानी रुकने की समस्या भी सामने आई। इसे दूर करने के लिए मशीनों से सफाई कराई गई।

मवेशियों से भी नुकसान का दावा

निर्माण एजेंसी ने एक्सप्रेसवे के किनारे मवेशी चराने वालों को चेतावनी दी है। अधिकारियों का कहना है कि मवेशियों की आवाजाही से मिट्टी के स्लोप को नुकसान पहुंचता है और बारिश के दौरान कटान बढ़ सकता है। टूटी फेंसिंग की मरम्मत भी शुरू कराई गई है।

पीएनसी के मैनेजर विजय एस. कुंडू के मुताबिक, जहां भी सड़क दबने या मिट्टी कटने की समस्या सामने आ रही है, वहां तत्काल मरम्मत कराई जा रही है ताकि यातायात प्रभावित न हो।

Related Articles

Back to top button