उत्तर प्रदेशताजा खबरबांदा

बांदा में कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी, STF ने चार तस्करों को दबोचा,250 पेटी ONEREX कफ सिरप बरामद, करीब 3 करोड़ रुपये कीमत बताई गई

बांदा। उत्तर प्रदेश में नशीली दवाओं की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने बांदा जिले में अंतरराज्यीय स्तर पर कोडीन कफ सिरप की तस्करी करने वाले गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 250 पेटी ONEREX ब्रांड की अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद होने का दावा किया गया है। बरामद खेप की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई गई है।

बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास हुई घेराबंदी

एसटीएफ के मुताबिक टीम बांदा जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की तस्करी के संबंध में सूचना जुटा रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि कुछ तस्कर भारी मात्रा में कोडीन कफ सिरप डीसीएम में लादकर बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के रास्ते बिसंडा-अतर्रा क्षेत्र की ओर ले जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर एसटीएफ ने बिसंडा थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास घेराबंदी की। उत्तरी गोल चौराहे के पास टीम ने डीसीएम के आगे चल रही लाल रंग की टाटा नेक्सॉन कार और डीसीएम को रोक लिया।

तलाशी में मिली 250 पेटी कफ सिरप

वाहनों की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में ONEREX ब्रांड की कोडीन कफ सिरप बरामद हुई। एसटीएफ के अनुसार कुल 250 पेटी कफ सिरप बरामद की गई है। इसके अलावा मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक डीसीएम, एक टाटा नेक्सॉन कार, पांच मोबाइल फोन और 53,530 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

चार आरोपी गिरफ्तार

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरेंद्र कुमार कुशवाहा, प्रवीण कुमार उर्फ लकी, रोहित पाण्डेय निवासी बांदा तथा शेखर सिंह निवासी हापुड़ के रूप में हुई है।

पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कफ सिरप की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

किसान मेल | ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button