उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

मिशन शक्ति टीम ने दो माह से ग्वालियर में रह रही 15 वर्षीय बालिका को परिजनों से मिलाया

संवाददाता — सचिन पांडेय

उन्नाव। मिशन शक्ति टीम ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए करीब दो माह से ग्वालियर के वन स्टॉप सेंटर में रह रही 15 वर्षीय बालिका को उसके परिजनों से मिलाने में अहम भूमिका निभाई। बालिका के सकुशल परिवार तक पहुंचने पर परिजनों ने उन्नाव पुलिस का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार, बालिका ने अपना पता ग्राम करियाखेड़ा, थाना कोतवाली सदर, जनपद उन्नाव बताया था। मामले की सूचना मिलते ही महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह ने तत्परता दिखाते हुए मिशन शक्ति टीम को सक्रिय किया और बालिका के परिजनों का पता लगाने के निर्देश दिए।

इसके बाद मिशन शक्ति टीम गांव पहुंची और बालिका द्वारा बताए गए पते के आधार पर उसके परिजनों का सत्यापन किया। पुष्टि होने के बाद वीडियो कॉल के माध्यम से बालिका की उसके माता-पिता से बातचीत कराई गई, जिससे परिवार और बालिका के बीच संपर्क स्थापित हो सका।

आर्थिक तंगी के चलते दर्ज नहीं करा सके थे गुमशुदगी

बताया गया कि आर्थिक तंगी के कारण बालिका के परिजन उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं करा सके थे। ऐसे में महिला थाना टीम ने परिवार की स्थिति को देखते हुए आर्थिक सहयोग और ग्वालियर तक आने-जाने की यात्रा व्यवस्था कराने में मदद की।

इसके बाद परिजन ग्वालियर पहुंचे और आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालिका को अपने साथ घर ले आए। करीब दो माह बाद बालिका के सकुशल परिजनों से मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और उन्नाव पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

मिशन शक्ति टीम की इस पहल से बालिका को उसके परिवार से मिलाने में मदद मिली।

Related Articles

Back to top button