उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

त्योहार से पहले उन्नाव में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 11 नमूने जांच के लिए भेजे

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी , Kisan Mail News

उन्नाव। नवरात्रि और दशहरा पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 11 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, तीन प्रतिष्ठानों में कमियां मिलने पर सुधार के नोटिस जारी किए गए।

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय प्रियंका सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान डेयरियों और दूध विक्रय प्रतिष्ठानों से मिश्रित दूध के सात नमूने एकत्र किए गए।

इसके अलावा शुक्लागंज स्थित सक्षम इंटरप्राइजेज से चार प्रकार के मसालों के नमूने लिए गए। इनमें छोला मसाला, मीट मसाला, सांभर मसाला और रायता मसाला शामिल हैं। विभाग ने सभी 11 नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।

तीन प्रतिष्ठानों को सुधार के नोटिस

छापेमारी के दौरान तीन खाद्य प्रतिष्ठानों में कमियां पाए जाने पर संबंधित संचालकों को सुधार के नोटिस जारी किए गए। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना और मिलावट की आशंका पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button