उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता अभियान शुरू, प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी

संवाददाता सचिन पांडे

उन्नाव। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर उन्नाव में प्रचार एवं जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जनपद न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन को रवाना किया गया।

प्रभारी जनपद न्यायाधीश कविता मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन को रवाना किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और पराविधिक स्वयंसेवकों की मौजूदगी में आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्य और लाभों की जानकारी देने के लिए अभियान की शुरुआत की गई।

प्रमुख स्थानों पर लोगों को किया जाएगा जागरूक

प्रचार वाहन शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। इसके अलावा तहसील, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भी राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

अभियान के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि आपसी सुलह और समझौते के आधार पर पात्र मामलों का निस्तारण कराया जा सकता है। न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाने और लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के उद्देश्य से लोगों को लोक अदालत में अपने मामलों के निस्तारण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण का लक्ष्य

राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक पात्र मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का प्रयास है कि लोक अदालत का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिला जज राम राज, सीजेएम भव्या तिवारी समेत अन्य न्यायिक अधिकारी, न्यायालय कर्मचारी, अधिवक्ता और पराविधिक स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button