कानपुर: 20 हजार का इनामी वांछित अपराधी गिरफ्तार, नाबालिग से अश्लील हरकत और मारपीट के मामले में था फरार

कानपुर। बर्रा थाना पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक रविंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त गौरव त्रिपाठी उर्फ गौरव तिवारी उर्फ रबाडा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था। उस पर इनाम घोषित किया गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी, जिसके बाद आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया गया कि पूर्व में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक नाबालिग के कपड़े उतरवाकर उसके साथ अश्लील हरकत की थी। आरोप है कि इसके बाद नाबालिग के दोस्तों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई और रुपये भी छीन लिए गए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
इस प्रकरण में पुलिस पहले ही अंश सिंह राठौर उर्फ अंशू उर्फ डिफाल्टर और अंशू गौतम को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब वांछित आरोपी गौरव त्रिपाठी उर्फ गौरव तिवारी उर्फ रबाडा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक रविंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में उप निरीक्षक यशवीर सिंह और आनंद कुमार वैश्य की टीम ने की। बर्रा थाना पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।



