उत्तर प्रदेशताजा खबरलखनऊ

UP Election 2027: भाजपा ने तेज की चुनावी तैयारी, नितिन नवीन पश्चिमी यूपी से करेंगे शुरुआत; अमित शाह का दौरा भी प्रस्तावित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक और राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी इसी सप्ताह से प्रदेश में अपने बड़े नेताओं के दौरों की शुरुआत करने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिमी उत्तर प्रदेश से अपने दौरे की शुरुआत कर सकते हैं, जबकि राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष लखनऊ पहुंचकर संगठन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, बीएल संतोष का 10 और 11 सितंबर को लखनऊ दौरा प्रस्तावित है। उनके साथ प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के भी दोबारा आने की संभावना है। बीएल संतोष इस दौरान संगठनात्मक तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही खास तौर पर मीडिया और सोशल मीडिया रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं।

पश्चिमी यूपी से नितिन नवीन की शुरुआत

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों का दौरा करने की तैयारी में हैं। इन दौरों के जरिए वह स्थानीय राजनीतिक माहौल का आकलन करने के साथ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और चुनावी तैयारियों को गति देंगे।

बताया जा रहा है कि नितिन नवीन के दौरों की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होगी और मेरठ उनका पहला पड़ाव हो सकता है। पार्टी संगठन इन दौरों को लेकर तैयारियों में जुट गया है।

योगी के चेहरे पर चुनाव लड़ने की तैयारी

भाजपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और चेहरे पर लड़ने की तैयारी में है। योगी आदित्यनाथ भी लगातार प्रदेश के विभिन्न मंडलों और जिलों का दौरा कर रहे हैं। वहीं प्रदेश और क्षेत्रीय संगठन की टीम घोषित होने के बाद अब विभिन्न मोर्चों के गठन की तैयारी चल रही है।

पार्टी की ओर से बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का अभियान भी तेज किया जा रहा है। सोशल मीडिया और जमीनी संगठन को मजबूत करना भाजपा की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

इसी महीने अमित शाह का भी दौरा संभव

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का भी इसी महीने उत्तर प्रदेश दौरा प्रस्तावित बताया जा रहा है। शाह लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति और भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके संभावित दौरे को विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भाजपा के शीर्ष नेताओं के लगातार प्रस्तावित दौरों से साफ है कि पार्टी ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है।

Related Articles

Back to top button