उत्तर प्रदेशताजा खबरफतेहपुर

चार वाहनों में ठूंसकर ले जाई जा रहीं भैंसें पकड़ीं, हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास पर मंगलवार को भैंसों से लदे चार वाहनों को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रोक लिया। वाहनों में क्षमता से अधिक संख्या में पशुओं को ठूंसकर ले जाने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने मौके पर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, कार्यकर्ताओं को लखनऊ बाईपास से बड़ी संख्या में भैंसों को वाहनों के जरिए ले जाए जाने की सूचना मिली थी। वाहनों को रोककर जांच की गई तो उनमें बड़ी संख्या में भैंसें लदी मिलीं। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि एक वाहन में करीब 47 भैंसें ठूंसकर ले जाई जा रही थीं।

कम जगह में बड़ी संख्या में पशुओं को ले जाने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

पुलिस ने चारों वाहनों को कब्जे में लेने के साथ उनमें लदे पशुओं को भी अपने नियंत्रण में ले लिया। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की गई।

हिंदूवादी नेता धर्मेंद्र सिंह जनसेवक ने मामले को लेकर पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पशुओं को चोरी-छिपे स्लाटर हाउस ले जाया जा रहा था। साथ ही वाहनों में नियमों की अनदेखी करते हुए अत्यधिक संख्या में पशुओं को लादने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस अब वाहनों के दस्तावेज, चालकों की जानकारी, पशुओं से संबंधित कागजात, परिवहन की अनुमति और पशुओं को ले जाने के उद्देश्य समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, जांच में पशु क्रूरता या अवैध परिवहन से जुड़े नियमों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित वाहन चालकों और पशु मालिकों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चारों वाहन पुलिस के कब्जे में हैं और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button