उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव: खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, तीन केला पकाने वाली यूनिटों का निरीक्षण; चार खाद्य नमूने जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरे

खरीद-बिक्री के अभिलेख नहीं मिलने पर सुधार नोटिस जारी, कुशहरी माता मंदिर मेला परिसर में फूड सेफ्टी वैन से 28 नमूनों की जांच

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News

उन्नाव। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान तीन केला पकाने वाली यूनिटों का निरीक्षण किया गया। खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं मिलने और साफ-सफाई में कमियां पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं, कुशहरी माता मंदिर मेला परिसर में फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच भी की गई।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय प्रियंका सिंह के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित के नेतृत्व में विभागीय टीम ने केला पकाने वाली यूनिटों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यूनिटों में खरीद-बिक्री के अभिलेख नहीं मिले। इसके अलावा साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं में भी कमियां पाई गईं। टीम ने संबंधित कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

फूड सेफ्टी वैन से 28 खाद्य नमूनों की जांच

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए कुशहरी माता मंदिर मेला परिसर में फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से नमूनों की जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 28 खाद्य नमूनों की जांच हुई, जिनमें 24 नमूने मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि चार नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिले।

इस पहल के जरिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति कारोबारियों और आमजन को जागरूक किया गया। विभाग की ओर से लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के चयन और खाद्य सुरक्षा मानकों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

17 अक्टूबर तक जिले में उपलब्ध रहेगी मोबाइल प्रयोगशाला

विभाग के अनुसार, फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स मोबाइल प्रयोगशाला 17 अक्टूबर तक जिले में उपलब्ध रहेगी। खाद्य कारोबारी और आमजन इस सुविधा का लाभ उठाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करा सकते हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के साथ कारोबारियों को नियमों के प्रति जागरूक करना और आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाना है। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के निर्देश देकर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button