काउंसलिंग से सुलझे पति-पत्नी के विवाद, 36 जोड़े साथ रहने को राजी
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। परिवार परामर्श केंद्र और महिला हेल्प डेस्क की पहल से पति-पत्नी के बीच चल रहे विवादों को सुलझाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। काउंसलिंग के बाद 36 दंपतियों ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने का संकल्प लिया, जिससे कई परिवार टूटने से बच गए।
पुलिस टीम ने विवादित दंपतियों को बुलाकर दोनों पक्षों की समस्याएं सुनीं और काउंसलिंग के जरिए उनके बीच चल रहे मतभेदों को दूर कराने का प्रयास किया। बातचीत के बाद दंपतियों के बीच आपसी सहमति बनी और उन्होंने परिवार के साथ रहने पर सहमति जताई।
परिवार परामर्श केंद्र की ओर से सात जोड़ों की सकुशल विदाई भी कराई गई। इनमें पुरवा और औरास से छह-छह जोड़े शामिल रहे। वहीं मौरावां, महिला थाना और गंगाघाट से तीन-तीन जोड़ों को विदा किया गया। अन्य थानों से आए दंपतियों के बीच भी समझौता कराया गया।
यह पहल एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में की गई। परामर्शदाताओं और महिला हेल्प डेस्क टीम के प्रयास से पति-पत्नी के बीच संवाद कायम कर विवादों को सुलझाया गया, जिससे कई परिवार बिखरने से बच गए।



