
जयपुर। करधनी थाना क्षेत्र के गोविंद वाटिका इलाके में एक ही परिवार की महिला और उसकी तीन बेटियों की हत्या से सनसनी फैल गई। चारों के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोते समय उनके सिर पर भारी सीमेंट की ईंट से वार किया गया। घटना के बाद महिला का पति घर से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों में करीब 40 वर्षीय गीता झा और उनकी तीन बेटियां शामिल हैं। सुबह काफी देर तक घर में किसी तरह की हलचल नहीं होने पर परिवार के लोगों और पड़ोसियों को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
सोते समय हमला करने का संदेह
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमला पहले घर के ऊपरी कमरे में सो रही महिला पर किया गया। इसके बाद आरोपी ने नीचे के कमरों में सो रही तीनों बेटियों पर भी कथित तौर पर भारी ईंट से वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चारों की मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह की स्थिति और स्पष्ट होगी।
खून से सने कपड़े मिले
पुलिस जांच में घर से खून से सने कपड़े मिलने की बात सामने आई है। आशंका है कि वारदात के बाद आरोपी ने कपड़े बदले और घर से निकल गया। पुलिस घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
दूध लिया, चाय बनाई और फिर घर से निकला
जांच में यह भी सामने आया है कि सुबह करीब सात बजे दूध वाला घर पहुंचा था। आरोपी ने दूध लिया और इसके बाद चाय बनाई। बताया जा रहा है कि उसने खुद चाय पी और परिवार के एक बुजुर्ग सदस्य को भी चाय दी। कुछ समय बाद वह घर से निकल गया।
करीब नौ बजे तक घर में कोई गतिविधि नहीं होने पर परिवार के सदस्य ने कमरों में जाकर देखा। वहां शव मिलने के बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया।
आर्थिक परेशानी और शेयर बाजार में नुकसान की भी जांच
पुलिस हत्या के पीछे गृह कलह, आर्थिक परेशानी और शेयर बाजार में नुकसान समेत कई संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने कुछ दिन पहले एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये उधार मांगे थे, हालांकि उसे कथित तौर पर 25 हजार रुपये ही मिल सके थे। फिलहाल इसे हत्या की वजह मानकर पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारण आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस आरोपी पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में हत्या की वास्तविक वजह और वारदात की पूरी कड़ी आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सामने आने की उम्मीद है।
ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News


