उत्तर प्रदेशताजा खबरफतेहपुर

फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र मामले में महाठग सुमित सिंह गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

फतेहपुर। ठगी के विभिन्न मामलों में आरोपों से घिरे सुमित सिंह की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि सुमित सिंह ने कथित तौर पर अपने अलावा परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों के नाम पर भी फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र तैयार करवाए। इन प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी पेंशन और दूसरी योजनाओं का लाभ लिए जाने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में मामले में लाखों रुपये की अनियमितता की आशंका जताई जा रही है।

स्वास्थ्य परीक्षण और सत्यापन में खुली पोल

जांच के दौरान प्रमाणपत्रों के सत्यापन और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया में कई सवाल सामने आए। पुलिस का आरोप है कि सुमित सिंह दिव्यांग न होने के बावजूद फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर पेंशन का लाभ ले रहा था। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाई।

दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

मामले की जांच अब व्यापक स्तर पर की जा रही है। संबंधित विभागों से प्रमाणपत्र, पेंशन और सरकारी योजनाओं से जुड़े रिकॉर्ड जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल रहे हैं।

पहले से कई ठगी के आरोप

सुमित सिंह पर इससे पहले भी नौकरी दिलाने, सरकारी काम कराने समेत अन्य मामलों में ठगी के आरोप लग चुके हैं। अब फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र प्रकरण में गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

Related Articles

Back to top button