उन्नाव पुलिस की पहल रंग लाई, 32 दंपतियों के विवाद सुलझे; काउंसलिंग के बाद फिर साथ रहने को हुए राजी

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। पारिवारिक विवादों को बातचीत और काउंसलिंग के जरिए सुलझाने की उन्नाव पुलिस की पहल से 32 दंपतियों के बीच चल रहा विवाद खत्म हो गया। एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों में विवादित पति-पत्नी की काउंसलिंग कराई गई। समझाइश के बाद सभी दंपतियों ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने पर सहमति जताई।
इस पहल में परिवार परामर्श समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह समेत महिला हेल्पडेस्क की टीम ने दंपतियों से बातचीत कर उनके विवाद की वजह समझी और आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया।
दही थाने के छह दंपतियों में हुआ समझौता
पुलिस के अनुसार थाना दही से छह दंपतियों का समझौता कराया गया, जबकि जिले के सात अन्य थानों से तीन-तीन दंपतियों के बीच काउंसलिंग के बाद सहमति बनी। विवाद समाप्त होने के बाद सभी 32 दंपतियों को सकुशल विदा किया गया।
परिवार परामर्श समिति के सलाहकार डॉ. अबसार अली और डॉ. सगीर अहमद ने भी काउंसलिंग में सहयोग किया। महिला हेल्पडेस्क प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमारी समेत पुलिस टीम ने भी दंपतियों को समझाने और विवाद खत्म कराने में अहम भूमिका निभाई।
काउंसलिंग से टूटने से बचे परिवार
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाकर परिवारों को टूटने से बचाना है। काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी ने एक-दूसरे की बात सुनी और आपसी मतभेद दूर करने पर सहमति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों ने भविष्य में साथ रहकर परिवार को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।



