उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

मंदिर से घंटे चोरी करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, 32 घंटे और मोबाइल बरामद

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी , Kisan Mail News

उन्नाव। अजगैन थाना पुलिस ने मंदिरों से घंटे चोरी करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बोरियों में रखे छोटे-बड़े कुल 32 घंटे और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई मंदिरों से घंटे चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, झब्बरखेड़ा मजरा विचपरी निवासी काली प्रसाद ने 18 सितंबर को अजगैन थाने में तहरीर देकर बताया था कि 15/16 सितंबर की रात गांव स्थित काली माता मंदिर से अज्ञात चोर घंटे चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक श्यामजी शर्मा कर रहे थे। 18 सितंबर की रात पुलिस गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिचपरी स्थित काली माता मंदिर से चोरी किए गए घंटे कुछ लोग बेचने के लिए पक्षी विहार के आगे कुसुम्भी मोड़ पर बोरी में लेकर बैठे हैं और सवारी का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पांच लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक की बोरियों से छोटे-बड़े 32 घंटे और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिवा राजपूत निवासी कुसुम्भी, रियाज निवासी कुसुम्भी, आयुष निवासी कुसुम्भी, इरशाद उर्फ शाहिद निवासी शीतलगंज और कुलदीप वर्मा निवासी नवाबगंज बाजार के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बिचपरी स्थित काली माता मंदिर के अलावा दरबारीखेड़ा के एक मंदिर और बनी बॉर्डर क्षेत्र स्थित एक मंदिर से भी घंटे चोरी करने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि इनमें से कुछ घंटे नवाबगंज कस्बे की एक बर्तन की दुकान पर बेच दिए गए थे।

मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

बरामदगी

  • छोटे-बड़े 32 मंदिर के घंटे
  • 3 मोबाइल फोन

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

निरीक्षक जय प्रकाश यादव, उपनिरीक्षक श्यामजी शर्मा, कांस्टेबल ऋषभ दुबे, वीरेंद्र प्रताप चौरसिया, अंगद यादव, योगेश तिवारी, बलराम गोस्वामी, संदीप कुमार, मुकेश कुमार और रंजीत कुमार शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button