पुलिस चौकी के अंदर जोरदार धमाके से दरोगा व डिलीवरी वाय घायल, मचा हड़कंप

गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में कल रात हुआ जोरदार धमाका एसी कंप्रेशर फटने से नहीं बल्कि केमिकल के जरिए किया गया था ! ऐसी खबर आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक व डाॅग स्कावयड टीम मौके पर छानबीन में जुटी हुई है। एटीएस की टीम भी वसुंधरा पुलिस चौकी पहुंच गई है। धमाके से चौकी के खिड़कियों के शीशे टूट गए और एक दीवार में भी हल्की दरार आ गई। हादसा रात करीब 9 बजे चौकी के पीछे हुआ, जहां कबाड़ गाड़ियां पार्क होती है। हादसे के समय एक सब इंस्पेक्टर चौकी में थे तथा डिलीवरी वाय कुछ सामान देने गया था, दोनों घायल हो गए। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक अब तक की जांच में ये धमाका AC के कंप्रेसर के फटने से हुआ नहीं लग रहा है, प्रारंभिक जांच के बाद अंदेशा जताया जा रहा है कि धमाका केमिकल से किया गया है, ऐसे में जांच का दायरा बढ़ गया है। घटना की संवेदनशीलता इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि धमाका किसी सुनसान जगह पर नहीं, बल्कि पुलिस चौकी के अंदर हुआ है। चौकी के दोनों तरफ सड़क है, जो इंदिरापुरम और गाजियाबाद को जोड़ती है, इसके ठीक ऊपर दिल्ली से राजनगर की तरफ जाने वाला एलिवेटेड रोड भी है। यानी ये इलाका लगातार आवाजाही वाला क्षेत्र है।
और ये हाल है लापरवाही का. . .
हैरानी की बात ये है कि घटनास्थल के आसपास कोई CCTV कैमरा मौजूद नही है, इतना ही नहीं पुलिस चौकी के मुख्य गेट पर लगा CCTV कैमरा खराब बताया जा रहा है। जिससे धमाके से पहले की गतिविधि का पता नहीं चल पा रहा है।




