उत्तर प्रदेशताजा खबरलखनऊ

दीपावली पर लखनऊ पुलिस अलर्ट –CP ने चौक-सर्राफा बाजार में किया पैदल गश्त

लखनऊ। धनतेरस और दीपावली को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए लखनऊ पुलिस ने कमर कस ली है। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने भारी पुलिस बल के साथ कोनेश्वर चौराहे से चौक चौराहे होते हुए सर्राफा मार्केट और मेन मार्केट तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था बबलू कुमार, डीसीपी पश्चिमी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, एडीसीपी पश्चिमी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त ने बाजारों में सुरक्षा, पुलिस की सक्रियता और यातायात प्रबंधन का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

उधर, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार ने डीसीपी दक्षिणी मो. मुस्ताक के साथ कृष्णानगर क्षेत्र के सर्राफा मार्केट में पैदल गश्त की। हजरतगंज चौराहे पर डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय ने भी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था देखी।

बाजारों में बहुस्तरीय सुरक्षा

त्योहार पर चोरी, टप्पेबाजी, छिनैती जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रमुख बाजारों में पुलिस बल के साथ क्यूआरटी और पीएसी तैनात की गई है। महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। सीसीटीवी और तकनीकी संसाधनों से बाजारों व चौराहों पर नजर रखी जा रही है। एंटी सबोटाज और बीडीडीएस टीम प्रमुख स्थलों पर चेकिंग कर रही है। यूपी-112 के वाहन भीड़भाड़ वाले इलाकों में सक्रिय हैं। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।

व्यापारियों से सीधा संवाद

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद किया। उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। व्यापारियों को दुकानों पर सुरक्षा के उपाय अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि लखनऊ पुलिस हर नागरिक और व्यापारी की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

यातायात के लिए विशेष प्रबंध

बाजारों में बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस तैनात की गई है। जरूरत के अनुसार डायवर्जन लागू किया जा रहा है। लोगों से निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़ा करने की अपील की गई है। एंबुलेंस और फायर सर्विस के वाहनों के आवागमन को निर्बाध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस की अपील

लखनऊ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आतिशबाजी खुले और सुरक्षित स्थान पर ही करें, बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें। बाजार में मोबाइल, पर्स और कीमती सामान का ध्यान रखें। घर से निकलते समय दरवाजे-खिड़कियां बंद रखें। किसी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाएं।

साथ ही ऑनलाइन खरीदारी में साइबर ठगी से बचने के लिए कहा गया है — विश्वसनीय वेबसाइट से ही खरीदारी करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, यूपीआई पिन किसी से साझा न करें। ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button