आरोग्य मेले में 1716 मरीज पहुंचे, कहीं डॉक्टर तो कहीं लैब सहायक न मिलने से बढ़ी परेशानी

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी , Kisan Mail News
उन्नाव। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रविवार को जिले की 52 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 1716 मरीज पहुंचे। हालांकि कुछ केंद्रों पर चिकित्सकीय स्टाफ की कमी के कारण मरीजों को जांच और इलाज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुरवा क्षेत्र के चमियानी में लैब सहायक उपलब्ध नहीं होने से मरीजों की आवश्यक जांच प्रभावित हुई। वहीं सफीपुर क्षेत्र के रूपपुर चंदेला पीएचसी में प्रशिक्षु चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को उपचार के लिए इंतजार करना पड़ा।
आरोग्य मेले में पहुंचे मरीजों में संक्रामक बीमारियों से पीड़ित लोगों की संख्या अधिक रही। कोविड हेल्प डेस्क पर 257 मरीज पहुंचे। बुखार के 351, पेट संबंधी बीमारी के 188 और त्वचा संबंधी बीमारी के 225 मरीजों का उपचार किया गया।
मलेरिया की जांच के लिए 139 लोगों के नमूने लिए गए, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव बताई गई। मरीजों की संख्या अधिक होने से पैरासिटामोल, एजिथ्रोमाइसिन, मेट्रोजिल और नॉरफ्लॉक्स जैसी दवाओं की खपत भी बढ़ी।
सीएमओ डॉ. अजय कुमार शर्मा के अनुसार, लैब सहायक की तैनाती के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है। प्रशिक्षु चिकित्सक के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।



