उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

गंगा का पानी घटा, कल्याणी नदी ने बढ़ाई चिंता; 15 गांवों में अब भी बाढ़ जैसे हालात

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी , Kisan Mail News

उन्नाव। गंगा नदी के जलस्तर में अब धीरे-धीरे कमी दर्ज की जा रही है, लेकिन जिले के गंजमुरादाबाद क्षेत्र में कल्याणी नदी के जरिए हरदोई की ओर से आ रहे पानी ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। क्षेत्र के करीब 15 गांवों में पानी पहुंचने से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई स्थानों पर पानी गांवों की सीमाओं और आबादी के आसपास तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों के आवागमन पर भी असर पड़ा है।

बताया गया कि पिछले करीब एक सप्ताह से हरदोई के मल्लावां क्षेत्र के इसरापुर परसौला गांव में जमा पानी कल्याणी नदी के रास्ते आगे बढ़ा। यह पानी जिले में बेहटाकच्छ के पास से प्रवेश करने के बाद शिवलालपुरवा, लोनारी, कुशराजपुर, बाजीपुरवा, इच्छापुरवा और भिलोई समेत आसपास के गांवों तक पहुंचा।

दूसरी ओर परियर, बांगरमऊ, सफीपुर और फतेहपुर चौरासी क्षेत्र में गंगा की बाढ़ का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने की बात सामने आई है। हालांकि ग्रामीण इलाकों में जलभराव के कारण आवागमन और रोजमर्रा के काम प्रभावित हैं।

स्थानीय स्तर पर पानी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गंगा का पानी घटने से राहत मिली है, लेकिन कल्याणी नदी का बढ़ता पानी नई चिंता पैदा कर रहा है।

Related Articles

Back to top button