थोड़ी देर की बारिश में जलमग्न हुईं गलियां, टेंडर के बाद भी निर्माण शुरू नहीं

वार्ड 25 में सड़क निर्माण का इंतजार, जलभराव से राहगीरों और स्थानीय लोगों की बढ़ी परेशानी
जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव/गंगाघाट। शुक्लागंज नगर क्षेत्र में बुधवार को हुई थोड़ी देर की बारिश ने जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति सामने ला दी। बारिश के बाद वार्ड नंबर 25 की कई गलियों में पानी भर गया। जलभराव के चलते राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक संबंधित गली के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है। लोगों का सवाल है कि जब निर्माण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तो आखिर ऐसी कौन-सी प्रक्रिया शेष है, जिसके चलते ठेकेदार द्वारा काम शुरू नहीं किया जा रहा है।
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
गली की खराब स्थिति के बीच बारिश का पानी जमा होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। जलभराव के कारण राहगीरों को पानी के बीच से गुजरना पड़ता है और स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
निवासियों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर लंबित निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।


