उन्नाव में डीएम ने कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा की

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
वाणिज्य विभाग की लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और राजस्व वसूली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आबकारी, परिवहन, ऊर्जा, विद्युत, वन, खनन, सिंचाई और मंडी विभाग के अधिकारियों को राजस्व बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने और फीडरों में विद्युत लॉस कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रिपिंग की समस्या को दूर कर मानक के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा।
जिला खनन अधिकारी को अधिक से अधिक राजस्व जमा कराने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने खनन से संबंधित गतिविधियों की प्रभावी निगरानी पर भी जोर दिया।
बैठक में तहसील न्यायालयों में लंबित वादों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनवरी तक न्यायालयों में लंबित वादों की संख्या शून्य करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए पांच और तीन वर्ष से अधिक पुराने मामलों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसके अलावा अंश निर्धारण, कृषक दुर्घटना बीमा, स्वामित्व योजना और घरौनी से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने को कहा।



