उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

योगी सरकार की डिजिटल पहल को नई मजबूती, यूपी की सभी 251 कृषि मंडियां एगमार्कनेट 2.0 से जुड़ीं

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

लखनऊ। किसानों को बेहतर बाजार सूचना उपलब्ध कराने और मंडी व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में उत्तर प्रदेश की सभी 251 कृषि उपज मंडियां अब एगमार्कनेट 2.0 से जुड़ गई हैं। उत्तर प्रदेश मंडी परिषद के ई-मंडी पोर्टल का एगमार्कनेट 2.0 से एपीआई आधारित एकीकरण पूरा होने के बाद प्रदेश की सभी मंडियों से 100 प्रतिशत मार्केट रिपोर्टिंग शुरू हो गई है।

इस एकीकरण के बाद प्रदेश की मंडियों में कृषि उपज की आवक और बाजार भाव से संबंधित आंकड़े डिजिटल माध्यम से राष्ट्रीय कृषि बाजार सूचना नेटवर्क तक पहुंच रहे हैं। इससे किसानों को अलग-अलग मंडियों में कृषि जिंसों के भाव और आवक की जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी।

किसानों को बाजार की स्थिति समझने में मिलेगी मदद

251 मंडियों के राष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ने का प्रमुख लाभ किसानों को बाजार की व्यापक जानकारी के रूप में मिलने की उम्मीद है। किसान विभिन्न मंडियों में अपनी उपज के भाव और आवक की स्थिति देखकर बाजार के रुझान को समझ सकेंगे। इससे उन्हें अपनी उपज के विपणन से जुड़े निर्णय लेने में सुविधा होगी।

वहीं, भाव और आवक के आंकड़ों की उपलब्धता से कृषि बाजार में पारदर्शिता बढ़ाने और विभिन्न बाजारों की स्थिति की तुलना करने में मदद मिलेगी। व्यापारियों को भी अलग-अलग मंडियों में बाजार की स्थिति समझने में सुविधा होगी। इसके अलावा कृषि बाजार के रुझानों के विश्लेषण और नीतिगत निर्णयों के लिए व्यवस्थित डेटा उपलब्ध रहेगा।

मंडी व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने पर जोर

मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की मंडी व्यवस्था को तकनीक के माध्यम से अधिक पारदर्शी और किसानोपयोगी बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक का लाभ तभी प्रभावी है, जब किसानों तक सही बाजार सूचना सही समय पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि सभी 251 मंडियों को एगमार्कनेट 2.0 से जोड़ने से भाव और आवक की सूचनाओं का डिजिटल प्रवाह सुनिश्चित हुआ है। इससे किसानों को बाजार की स्थिति समझने में मदद मिलेगी।

केंद्र ने की एकीकरण की सराहना

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव चिन्मय गोटमारे ने सभी 251 मंडियों के सफल एपीआई एकीकरण और 100 प्रतिशत मार्केट रिपोर्टिंग की सराहना की है। उन्होंने इसे मंडी परिषद, मंडी समितियों, अधिकारियों, तकनीकी टीम और फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के समन्वित प्रयास का परिणाम बताया।

क्या है एगमार्कनेट 2.0

एगमार्कनेट यानी ‘एग्रीकल्चरल मार्केटिंग इन्फॉर्मेशन नेटवर्क’ कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय का राष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इस प्लेटफॉर्म पर देश की कृषि मंडियों में विभिन्न कृषि जिंसों की आवक और बाजार भाव से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।

ई-मंडी पोर्टल के एपीआई आधारित एकीकरण के बाद उत्तर प्रदेश की मंडियों में दर्ज भाव और आवक का डेटा डिजिटल माध्यम से राष्ट्रीय प्लेटफॉर्म तक पहुंच रहा है। इसका उद्देश्य किसानों, व्यापारियों, नीति निर्माताओं और कृषि बाजार से जुड़े अन्य लोगों तक समयबद्ध बाजार सूचना उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button