उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में एलबीडी की प्रदेश स्तरीय मिसालें तैयार, छह विद्यालयों में 30 गतिविधियों की हुई शूटिंग

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News

उन्नाव। जिले के विद्यालयों में बच्चों को प्रयोग और गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर देने वाली लर्निंग बाय डूइंग (एलबीडी) पहल के तहत 30 गतिविधियों की शूटिंग पूरी की गई है। यूनिसेफ और विज्ञान आश्रम की पहल के तहत प्रदेश के लिए कुल 59 गतिविधियां तैयार की गई हैं, जिनमें आधे से अधिक गतिविधियों की शूटिंग उन्नाव के छह विद्यालयों में हुई।

उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा में बच्चों ने सबसे अधिक 12 गतिविधियां रिकॉर्ड कराईं। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय इछौली में नौ गतिविधियों की शूटिंग हुई। इसके अलावा जिले के चार अन्य विद्यालयों में बच्चों ने नौ गतिविधियां तैयार कराईं।

इन गतिविधियों में विज्ञान, पर्यावरण, जल संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विषयों को प्रयोगात्मक तरीके से शामिल किया गया। शिक्षकों के निर्देशन में बच्चों ने अपने आसपास की समस्याओं की पहचान की और प्रयोगों के माध्यम से उनके समाधान विकसित किए।

शूट की गई गतिविधियों को प्रदेश के अन्य विद्यालयों के लिए सीखने और प्रयोग करने के मॉडल के रूप में उपयोग किए जाने की तैयारी है। इन गतिविधियों को जल्द ही दीक्षा और विज्ञान आश्रम के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे प्रदेश के अन्य विद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी भी इनसे सीख सकेंगे।

Related Articles

Back to top button