उन्नाव में खुले में मुर्दा जानवरों की कटान का आरोप, चांदपुर स्लॉटर हाउस के पीछे फैली गंदगी से किसानों में आक्रोश
संवाददाता — सचिन पांडेय, Kisan Mail News
उन्नाव। दही थाना क्षेत्र में चांदपुर स्टैंडर्ड स्लॉटर हाउस के पीछे स्थित एक प्लॉट में खुले में मुर्दा जानवरों के निस्तारण और कटान का मामला सामने आया है। मौके के वीडियो में प्लॉट के अंदर भारी मात्रा में गंदगी, पशु अवशेष और अन्य अपशिष्ट खुले में पड़े दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि मृत जानवरों की कटान के बाद उनके अंदर के ऑफल को खुले में सुखाया जा रहा है। इससे आसपास गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय किसानों का आरोप है कि कटान से निकलने वाला खून और गंदा पानी आसपास के खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे उनमें आक्रोश है।
मामले में सवाल उठ रहा है कि खुले में मुर्दा जानवरों के निस्तारण और कटान की अनुमति आखिर किसने दी। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, आरोप यह भी है कि जिम्मेदारी से बचने के लिए संबंधित व्यक्ति की ओर से स्लॉटर हाउस पर आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मौके पर जांच कराने, खुले में पड़े पशु अवशेषों का नियमानुसार निस्तारण कराने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।


