उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

बंथर के एग्रीकॉम फूड में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर, 316 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी

उन्नाव। श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को लेकर बंथर स्थित एग्रीकॉम फूड में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 316 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान श्रमिकों की उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया समेत विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्रमिकों को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और व्यावसायिक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के दौरान पांच पात्र निर्माण श्रमिकों को मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत ₹25-25 हजार की एफडीआर वितरित की गई। अधिकारियों ने श्रमिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता के अनुसार लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में सहायक श्रमायुक्त एसएन नागेश समेत श्रम एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने श्रमिकों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और समय-समय पर जांच कराने की अपील की।

श्रम विभाग के अनुसार 07 अक्टूबर को नवाबगंज और 08 अक्टूबर को शू-डिवीजन साइट-2 में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। विभाग ने श्रमिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर निश्शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।

Related Articles

Back to top button