उन्नाव में यातायात पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों और ई-रिक्शा की जांच

संवाददाता — सचिन पांडे, Kisan Mail News
उन्नाव। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 और यातायात नियमों के पालन को लेकर उन्नाव में मंगलवार को यातायात पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार मौर्य ने पुलिस बल के साथ कोतवाली सदर क्षेत्र के गांधी नगर तिराहे पर चेकिंग की कमान संभाली।
अभियान के दौरान ब्लैक फिल्म लगे चार पहिया वाहनों, ई-रिक्शा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की गई। इसके साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस का सत्यापन भी किया गया।
वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की हिदायत दी। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।
उन्नाव पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की।


