चाचा की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार, 12 घंटे के भीतर पुलिस को मिली सफलता

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
रायबरेली। जिले के चंदापुर थाना क्षेत्र में चाचा की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई और आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जनई में 11 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे रौनक सिंह उर्फ खटका का अपने चाचा नरसिंह उर्फ ददन सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान रौनक ने चाचा को धक्का दे दिया, जिससे वह गिर पड़े और उनके सिर में ईंट लग गई। गंभीर रूप से घायल नरसिंह की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चंदापुर पुलिस ने आरोपी रौनक सिंह उर्फ खटका पुत्र जयसिंह, निवासी ग्राम जनई को चंदापुर-जनई मार्ग पर मुड़ावीर बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई नवागत थाना अध्यक्ष राजीव सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।



