मिशन शक्ति के तहत जरूरतमंद वृद्ध महिलाओं को बांटे वस्त्र, राशन और त्योहारी सामग्री

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना अचलगंज परिसर में गरीब एवं असहाय वृद्ध महिलाओं की मदद के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जरूरतमंद महिलाओं को वस्त्र, राशन और त्योहारी सामग्री वितरित कर उन्हें सम्मान एवं सहयोग प्रदान किया गया।
कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर एएसपी/सीओ बीघापुर प्रदीप कुमार एवं थानाध्यक्ष अचलगंज की मौजूदगी में महिलाओं को आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और 181 तथा आपातकालीन सेवा 112 सहित अन्य उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही शासन की ओर से संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया, ताकि जरूरतमंद महिलाएं इनका लाभ उठा सकें।
पुलिस की पहल से महिलाओं के चेहरे खिले
मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जरूरतमंद महिलाओं को सहायता सामग्री देने के साथ उनके सम्मान और सुरक्षा का संदेश भी दिया गया। पुलिस की इस मानवीय पहल पर महिलाओं ने उन्नाव पुलिस और मिशन शक्ति टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया।



