नवजात बच्चियों का हाल जानने पत्नी संग पहुंचे एसपी, गर्म कपड़े और जरूरी सामान देकर दिखाई संवेदनशीलता

ब्यूरो रिपोर्ट ऋषभ तिवारी
फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मंगलवार को अपनी पत्नी कृति के साथ किशोर न्याय बोर्ड पहुंचे। यहां उन्होंने रह रहीं दो नवजात बच्चियों का हालचाल जाना और उनकी देखभाल व जरूरतों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए गर्म कपड़े तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं प्रदान कीं।
बताया गया कि इनमें से एक नवजात बच्ची 10 अक्टूबर को थरियांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में मिली थी। बच्ची के मिलने की सूचना पीआरवी के माध्यम से पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल एंबुलेंस से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसवा भेजा गया। वहां स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बच्ची स्वस्थ पाई गई। इसके बाद मामले की जानकारी चाइल्डलाइन को भी दी गई।
बच्चियों की देखभाल के प्रति दिखाई संवेदनशीलता
किशोर न्याय बोर्ड पहुंचकर एसपी अभिमन्यु मांगलिक और उनकी पत्नी कृति ने दोनों नवजात बच्चियों की स्थिति की जानकारी ली। ठंड के मौसम को देखते हुए उन्होंने बच्चियों को गर्म कपड़े और दैनिक उपयोग का जरूरी सामान उपलब्ध कराया, ताकि उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखा जा सके।
एसपी और उनकी पत्नी की इस पहल से नवजात बच्चियों के प्रति संवेदनशीलता और उनके कल्याण के प्रति चिंता सामने आई।


