उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव पुलिस ने साइबर ठगी के दो पीड़ितों को लौटाए 41 हजार रुपये

जिला संवाददाता: देवेंद्र तिवारी

उन्नाव। साइबर ठगी के मामलों में उन्नाव पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पीड़ितों के कुल 41 हजार रुपये वापस कराए हैं। सदर कोतवाली की साइबर टीम की इस कार्रवाई से पीड़ितों को राहत मिली है।

पहले मामले में ललऊखेड़ा निवासी सतीश कुमार चौरसिया के खाते से फर्जी एप डाउनलोड करने के बाद 36 हजार रुपये कट गए थे। पीड़ित के मुताबिक, एप डाउनलोड करते ही उनके मोबाइल का डेटा भी स्वतः फॉर्मेट हो गया था। मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरी रकम वापस कराई।

वहीं, दूसरे मामले में डीएसएन रोड निवासी नीलम शुक्ला साइबर ठगी का शिकार हो गई थीं। मोबाइल पर आए एक लिंक पर क्लिक करने के कारण उनके पांच हजार रुपये की ठगी हुई थी। साइबर टीम ने इस मामले में भी कार्रवाई करते हुए पीड़िता की रकम वापस कराई।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रकान्त मिश्र, नईम खान और सोनिया शर्मा सहित साइबर टीम के सदस्य शामिल रहे।

पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील

उन्नाव पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बिना सत्यापन के कोई एप डाउनलोड न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button