उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

स्कूलों के निर्माण में देरी पर सीडीओ कृति राज नाराज, कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी करने के निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी

उन्नाव। जिले में मुख्यमंत्री मॉडल स्कूलों के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कृति राज ने नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को हटवाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने निपुण प्लस एप पर शत-प्रतिशत आकलन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों और मेंटर्स को निर्देश दिए कि निर्धारित समय में आकलन कार्य पूरा किया जाए और आगामी माह में होने वाले निपुण आकलन की बेहतर तैयारी कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर में सुधार हो सके।

नवीन नामांकन कम होने पर जताई नाराजगी

पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष नवीन विद्यार्थियों के नामांकन में कमी सामने आने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिले में व्यापक स्तर पर अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित कराने के निर्देश दिए, जिससे अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा से जोड़ने और विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के प्रयास किए जा सकें।

रीडिंग कैंपेन में बच्चों की भागीदारी की सराहना

रीडिंग कैंपेन के तहत आयोजित ‘पढ़ो कहानी’, ‘गढ़ो कहानी’ और ‘सुनो कहानी’ प्रतियोगिताओं में बच्चों की भागीदारी की सीडीओ ने सराहना की। उन्होंने शैक्षिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और विद्यार्थियों में पढ़ने-लिखने की रुचि विकसित करने पर जोर दिया।

सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने, विद्यालयों की समस्याओं का समाधान करने और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

Related Articles

Back to top button