उन्नाव में यातायात माह का आगाज, डीएम-एसएसपी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता अभियान को किया रवाना
ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी
उन्नाव। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर को उन्नाव में यातायात माह का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी घनश्याम मीना और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता अभियान का आगाज किया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
हेलमेट और सीट बेल्ट को बताया जरूरी
कार्यक्रम के दौरान डीएम और एसएसपी ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। दोपहिया वाहन चालकों से बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। वहीं चार पहिया वाहन चालकों को प्रत्येक यात्रा के दौरान सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने तेज रफ्तार, गलत तरीके से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी से बचने की सलाह देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
यातायात माह के शुभारंभ कार्यक्रम में एडीएम सुशील गौड़, एसडीएम राजेश विश्वकर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा नगर क्षेत्राधिकारी विनी सिंह, यातायात क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार मौर्य और यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
डॉ. आशीष श्रीवास्तव और डॉ. रचना सिंह ने किया संचालन
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष श्रीवास्तव और डॉ. रचना सिंह ने किया। इस दौरान यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।
यातायात नियमों का पालन कर बचाएं अनमोल जिंदगी
अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। लोगों से अपील की गई कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और नशे की हालत में कभी वाहन न चलाएं।
यातायात माह के माध्यम से जिलेभर में लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार से सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है।
संदेश: यातायात नियमों का करें सम्मान, सुरक्षित रहें आप और आपका परिवार।



