प्रधानमंत्री मोदी लखनऊ में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री लखनऊ में
प्रधानमंत्री 21 नवम्बर को उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे
प्रधानमंत्री लखनऊ में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे
प्रधानमंत्री शाम लगभग 5:30 बजे लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। शैक्षणिक सत्र 2021-22 में शुरू हुआ कौशल दीक्षांत समारोह कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्टता को मान्यता देने और प्रशिक्षित युवाओं के प्रशिक्षण से कार्य-जगत में प्रवेश के अवसर को उत्सव के रूप में मनाया जाने वाला एक वार्षिक राष्ट्रीय मंच बनकर उभरा है। अपनी शुरुआत से ही इस समारोह में कौशल विकास इकोसिस्टम के अखिल भारतीय टॉपर्स और उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वालों को सम्मानित किया जाता रहा है। इससे व्यावसायिक शिक्षा और कुशल आजीविका के प्रति गौरव, उपलब्धि और आकांक्षा की भावना को बढ़ावा मिला है।
इस वर्ष औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीओटी) के राष्ट्रीय स्तर के 52 टॉपर्स को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।




