उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव पुलिस ने किया दंगा-बलवा नियंत्रण का अभ्यास

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

150 पुलिसकर्मियों ने लिया हिस्सा, भीड़ नियंत्रण और उपकरणों के इस्तेमाल का किया पूर्वाभ्यास

उन्नाव, 1 सितंबर। आकस्मिक परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को उन्नाव पुलिस ने रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में दंगा एवं बलवा नियंत्रण अभ्यास किया। अभ्यास वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन विनी सिंह के नेतृत्व में हुआ।

अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को विधि-विरुद्ध भीड़ को नियंत्रित करने और तितर-बितर करने की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें रबर बुलेट गन, लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले, एंटी राइट गन, टियर गैस गन, हैंड ग्रेनेड, टियर स्मोक सेल और नेट के इस्तेमाल की जानकारी दी गई।

पुलिसकर्मियों को इन उपकरणों के प्रयोग के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों का भी अभ्यास कराया गया। इसके अलावा दंगा या बलवा जैसी स्थिति में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के प्रभावी इस्तेमाल के संबंध में भी जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस पूर्वाभ्यास का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आकस्मिक परिस्थितियों के लिए तैयार रखना है, ताकि किसी भी विषम स्थिति में प्रशिक्षित तरीके से कानून-व्यवस्था नियंत्रित की जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

अभ्यास में करीब 150 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान रिजर्व पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button