लखनऊ के व्यस्ततम IT चौराहा के पास सड़क धंसने की वजह से 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरे बाइक सवार

लखनऊ के व्यस्ततम IT चौराहा के पास सड़क धंसने की यह घटना हुई है। कई फीट गहरे इस गड्ढे में एक बाइक समा गई। इस हादसे में बाइक सवार घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यहीं पास में ही लखनऊ के पूर्व मेयर का भी घर है।
लखनऊ में बुधवार को आईटी चौराहे से पहले मुख्य मार्ग पर अचानक सड़क धंस गई। सड़क के बीचोंबीच 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा हो गया। इसी दौरान एक बाइक सवार दो भाई गड्ढे में जा गिरे। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
PWD की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही PWD के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को बैरीकेड कर दिया गया है, ताकि वाहन गड्ढे की चपेट में न आएं। बैरीकेडिंग के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ है।

आईटी चौराहे के पास सड़क धंसने के मामले में PWD के अधिशासी अभियंता सत्येंद्र नाथ ने बताया कि सड़क के नीचे से सीवर लाइन गुजर रही है। इसके अलावा मेट्रो के पिलर से पानी का रिसाव भी हो रहा है। रिसाव के कारण मिट्टी धंसने से सड़क पर गड्ढा बना है।
उन्होंने बताया कि इस स्थान पर पहले भी सड़क धंसने की समस्या सामने आ चुकी है। फिलहाल गड्ढे की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, सीवर लाइन और मेट्रो पिलर से पानी का रिसाव सड़क धंसने की मुख्य वजह है।




