आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ी सौगात, अब 22 हजार रुपये तक मिलेगा पारिश्रमिक

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव में उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम के लोगो का अनावरण, वेबसाइट-पोर्टल का भी शुभारंभ; 1,449 कर्मियों को मिलेगा लाभ
उन्नाव। जिले में आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ी घोषणा की गई है। कुशल आउटसोर्स कर्मियों को अब 22 हजार रुपये तक, जबकि अकुशल कर्मियों को 20 हजार रुपये तक मासिक पारिश्रमिक मिलेगा। इस घोषणा से जिले में काम कर रहे आउटसोर्स कर्मियों में खुशी का माहौल है।
शहर के निराला प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम के लोगो का अनावरण किया गया। इसके साथ ही निगम की वेबसाइट और पोर्टल का भी शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का लखनऊ से लाइव प्रसारण किया गया, जिसे स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों और अधिकारियों ने देखा।
1,449 कर्मियों को मिलेगा सीधा लाभ
नई व्यवस्था का लाभ उन्नाव जिले की 19 नगर पालिका और नगर पंचायतों में कार्यरत 1,449 आउटसोर्स कर्मियों को मिलेगा। शासन की ओर से पारिश्रमिक भुगतान की व्यवस्था को भी तय किया गया है। इसके तहत प्रत्येक माह की एक से पांच तारीख के बीच कर्मियों को पारिश्रमिक उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।
ईपीएफ-ईएसआई के साथ प्रशिक्षण की सुविधा
आउटसोर्स कर्मियों को पारिश्रमिक के साथ ईपीएफ और ईएसआई की सुविधा भी दी जाएगी। इसके अलावा कर्मचारियों को उनके कार्य से संबंधित प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान सफाई और सीवर कार्य से जुड़े कर्मियों को सेवा कार्य में उपयोग होने वाली सुरक्षा एवं कार्य किट भी वितरित की गई। इससे कर्मचारियों को काम के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
विधायक पंकज गुप्ता बोले—ऐतिहासिक निर्णय
कार्यक्रम में विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी विभिन्न विभागों और स्थानीय निकायों की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से पारिश्रमिक बढ़ाने और अन्य सुविधाएं देने का निर्णय महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसे आउटसोर्स कर्मियों के हित में ऐतिहासिक निर्णय बताया।
नई व्यवस्था लागू होने से नगर निकायों में कार्यरत हजारों कर्मियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।



