उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

मौसम बदलते ही वायरल बुखार का प्रकोप, नवाबगंज CHC में पहुंचे 672 मरीज

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी

पर्चा काउंटर से दवा काउंटर तक लंबी कतार, बुखार-बदन दर्द और खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ी

नवाबगंज, उन्नाव। मौसम में बदलाव के साथ वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ता दिखाई दे रहा है। गुरुवार को नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए 672 मरीज पहुंचे। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण पर्चा काउंटर से लेकर ओपीडी और दवा काउंटर तक लंबी कतारें लगी रहीं।

दवा लेने के लिए महिलाओं की लाइन ओपीडी हॉल से बाहर परिसर तक पहुंच गई। बड़ी संख्या में मरीजों के साथ तीमारदार भी अस्पताल में मौजूद रहे, जिससे स्वास्थ्यकर्मियों को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

इन लक्षणों वाले मरीज ज्यादा

अस्पताल में पहुंचे अधिकांश मरीजों में तेज बुखार, बदन दर्द, जुकाम, दस्त और खांसी की शिकायत बताई गई। मौसम में अचानक बदलाव के कारण वायरल संक्रमण के मामलों में तेजी आने की बात चिकित्सकों ने कही है।

संदिग्ध मरीजों की जांच

सीएचसी अधीक्षक डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव के अनुसार अस्पताल पहुंचे सभी मरीजों को उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों की पैथोलॉजी जांच भी कराई जा रही है।

मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र में भीड़ प्रबंधन और समय पर उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button