उन्नाव: रोड पर बहते पानी के ऊपर ग्रामीणों ने बनाया बांस का अस्थाई पुल, सूचना पर पहुंचीं एसडीएम

संवाददाता सचिन पांडे
उन्नाव/हसनगंज। हसनगंज ब्लॉक क्षेत्र के रसूलपुर बकिया गांव में सड़क पर बह रहे पानी के ऊपर ग्रामीणों द्वारा बिना प्रशासन की अनुमति के बांस का अस्थाई पुल बनाए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही हसनगंज उपजिलाधिकारी शालिनी सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली।
एसडीएम ने ग्रामीणों से अस्थाई पुल बनाए जाने का कारण पूछा तो ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया था। ग्रामीणों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माना कि इस तरह का पुल बनाना उचित नहीं है और इससे लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
एसडीएम शालिनी सिंह तोमर ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को जोखिम वाली जगह से आवागमन नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि दूसरे रास्ते से आवागमन सुचारू रूप से जारी है, इसलिए लोगों को जान जोखिम में डालकर इस अस्थाई पुल से निकलने की कोई आवश्यकता नहीं है।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे किसी भी अस्थाई और जोखिम भरे रास्ते का इस्तेमाल न करें।



