परियर में बाढ़ प्रभावित 120 परिवारों को राहत सामग्री वितरित, मेडिकल कैंप में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। परियर क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए बाबा बलखंडेश्वर मंदिर परिसर में राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गंगा कटरी के बाबू बंगला, चंडी बंगला और पनपथा के 120 प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता ने बाबा बलखंडेश्वर मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके बाद उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
राहत के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं भी
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कार्यक्रम स्थल पर मेडिकल कैंप भी लगाया गया। यहां क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
राहत सामग्री मिलने के बाद प्रभावित परिवारों ने विधायक और प्रशासन का आभार जताया। विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि बाढ़ की इस कठिन परिस्थिति में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में एसडीएम राजेश विश्वकर्मा समेत जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्य जारी रखने की बात कही।



